| |

प्रधानमंत्री मोदी ने 62,000 करोड़ रुपये से अधिक की युवा-केंद्रित पहलों का किया अनावरण

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में 62 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली युवा-केंद्रित पहलों का शुभारंभ किया। इन पहलों का उद्देश्य देश के युवाओं को आधुनिक कौशल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसरों से सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘पीएम-सेतु योजना’ की शुरुआत की, जिसके तहत देशभर के एक हज़ार सरकारी आईटीआई संस्थानों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने बिहार की पुनर्गठित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का भी शुभारंभ किया, जिसके अंतर्गत पाँच लाख स्नातकों को दो वर्षों तक एक हज़ार रुपये का मासिक भत्ता प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय, बिहार का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह संस्थान उद्योग-उन्मुख शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण को नई दिशा देगा। इसके अलावा, बिहार के चार विश्वविद्यालयों में नई शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाओं की आधारशिला रखी गई तथा एनआईटी पटना के नए परिसर (बिहटा) का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नवोदय विद्यालयों एवं एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्थापित 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया।

समारोह के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने आईटीआई टॉपर्स को सम्मानित किया और युवाओं को उत्कृष्टता एवं नवाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Share

Similar Posts