प्रधानमंत्री ने दीपावली पर हर देशवासी को दिया जीएसटी रिफॉर्म का गिफ्ट: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को जीएसटी रिफॉर्म का उपहार दिया है। इस रिफॉर्म के तहत छात्रों की शिक्षण सामग्री, दूध, दही, घी, पनीर और अन्य खाद्य वस्तुओं पर भारी छूट दी गई है। वहीं, नशे और फिजूलखर्ची पर अधिक कर लगाया गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने ‘नमो युवा रन’ के शुभारंभ के दौरान कहा कि जीएसटी रिफॉर्म से हर व्यक्ति की खरीदने की क्षमता बढ़ेगी, बाजार की ताकत मजबूत होगी और नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, स्वच्छता अभियान और युवा कार्यक्रम शामिल हैं।
सीएम योगी ने युवा शक्ति को देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नशामुक्त और अनुशासित जीवन ही राष्ट्र के लिए कल्याणकारी सिद्ध होगा। नमो मैराथन जैसे आयोजन युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन और सेवा की ओर प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मेयर सुषमा खर्कवाल, विधायक योगेश शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






