|

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ओडिशा दौरे पर, करेंगे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज एक दिन के दौरे पर ओडिशा पहुँचेंगे, जहां वे झारसुगुड़ा में 60 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएँ दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास और ग्रामीण आवास से जुड़ी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी स्वदेशी तकनीक से लगभग 37 हज़ार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 97 हज़ार 500 से अधिक मोबाइल 4-जी टावरों का उद्घाटन करेंगे। इसमें बीएसएनएल के 92 हज़ार 600 से अधिक 4-जी साइट शामिल हैं, जबकि डिजिटल भारत अभियान के अंतर्गत 18 हज़ार 900 से अधिक टावरों को वित्त पोषित किया गया है। ये सभी टावर सौर ऊर्जा से संचालित होंगे।

रेलवे क्षेत्र में श्री मोदी संबलपुर-सरला रेल फ्लाईओवर का शिलान्यास करेंगे और कोरापुट-बैगुडा तथा मनाबर-कोरापुट-गोरपुर लाइनों के दोहरीकरण कार्यों की आधारशिला रखेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री ओडिशा के बरहामपुर और गुजरात के सूरत के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को भी रवाना करेंगे।

शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 11 हज़ार करोड़ रुपये के निवेश से तिरुपति, पलक्कड़, भिलाई, जम्मू, धारवाड़, जोधपुर, पटना और इंदौर स्थित आठ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के विस्तार की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही देश के 275 इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में गुणवत्ता और अनुसंधान सुधार के लिए नई योजना शुरू होगी। प्रधानमंत्री ओडिशा कौशल विकास परियोजना के दूसरे चरण का भी शुभारंभ करेंगे, जिसके अंतर्गत संबलपुर और बरहामपुर में विश्व कौशल केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री बरहामपुर के एम.के.सी.जी. मेडिकल कॉलेज और संभलपुर के वी.आई.एम.एस.ए.आर. को सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में अपग्रेड करने की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा अंत्योदय गृह योजना के अंतर्गत 50 हज़ार लाभार्थियों को स्वीकृति आदेश वितरित किए जाएंगे। यह योजना दिव्यांगजनों, विधवाओं, लाइलाज बीमारियों से जूझ रहे व्यक्तियों और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को पक्के घर और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है।

Share

Similar Posts