प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गज़ा शांति योजना की सफलता पर अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप और इस्राइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गज़ा शांति योजना की ऐतिहासिक सफलता पर अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नेतन्याहू के साथ हुई फोन पर बातचीत में इस पहल के तहत हुई प्रगति की सराहना की और विशेष रूप से बंधकों की रिहाई तथा गज़ा के लोगों के लिए बढ़ी हुई मानवीय सहायता के समझौते का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर नेतन्याहू के साथ अपनी बातचीत का विवरण साझा करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप को स्वीकार नहीं करता और वह वैश्विक स्तर पर शांति और स्थिरता का समर्थन करता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप से भी बातचीत की और गज़ा शांति योजना की सफलता पर उन्हें बधाई दी।
दोनों नेताओं ने भारत-अमरीका के बीच जारी व्यापार वार्ता में हुई सकारात्मक प्रगति की समीक्षा की और आने वाले समय में घनिष्ठ सहयोग जारी रखने पर सहमति जताई।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने गज़ा में शत्रुता समाप्त करने के प्रयासों के लिए ट्रंप और नेतन्याहू दोनों की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा कि यह शांति योजना प्रधानमंत्री नेतन्याहू के मजबूत नेतृत्व और राष्ट्रपति ट्रंप के राजनयिक प्रयासों का परिणाम है।
गौरतलब है कि अमरीका ने हाल ही में इस्राइल और हमास के बीच गज़ा शांति योजना के पहले चरण पर सहमति बनने की घोषणा की थी, जिसके तहत सभी बंधकों की रिहाई और गज़ा का विसैन्यीकरण किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के बीच मुंबई में हुई बैठक में भी गज़ा की स्थिति पर चर्चा की गई।






