पीटीआई के संस्थापक इमरान खान की बहन अलीमा खान और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कल रावलपिंडी में दिया धरना

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी-पीटीआई के संस्थापक इमरान खान की बहन अलीमा खान और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कल रावलपिंडी में धरना दिया। वे पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मिलने अडियाला जेल जा रही थीं, जहां उन्हें रोक दिया गया। पिछले कई हफ्तों से इमरान खान के परिवार, पार्टी के लोगों और वकीलों को उनसे जेल में मिलने नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में पार्टी नेता हर मंगलवार और गुरुवार को जेल के बाहर धरना दे रहे हैं, क्योंकि अदालत ने इमरान खान से मिलने के लिए यही दो दिन तय किए हैं।
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और भ्रष्टाचार के एक मामले में अडियाला जेल में 14 साल की सजा काट रहे हैं। इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी को भी भ्रष्टाचार मामले में सात साल की सजा मिली है। पिछले हफ्ते इमरान खान ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।






