| |

तमिलनाडु सरकार ने करूर रैली भगदड़ की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोग का गठन

चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने करूर में एक रैली के दौरान हुई भीषण भगदड़ की घटना की जांच के लिए उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग गठित किया है। इस घटना में 39 लोगों की मौत हो गई थी और 81 लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह हादसा अभिनेता से नेता बने और टीवीके संस्थापक विजय के स्वागत में आयोजित सभा के दौरान हुआ। सभी मृतकों की पहचान कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। वहीं, विजय ने मृतकों के परिजनों के लिए 20 लाख रुपये मुआवजा और घायलों का पूरा चिकित्सा खर्च उठाने का ऐलान किया।

राजनीतिक प्रतिक्रियाओं में विपक्ष के नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी और भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने सरकार की आलोचना करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। इस बीच, पुलिस ने टीवीके महासचिव एन. आनंद और चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मामला अब मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ में पहुँचा है, जहाँ कल दोपहर याचिका पर सुनवाई हो सकती है।

Share

Similar Posts