डोनाल्ड ट्रम्प की वेनेजुएला को धमकी – प्रवासियों को तुरंत बुलाओ, वरना झेलो अंजाम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वेनेजुएला को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि अगर वेनेजुएला ने अपने अप्रवासियों को तुरंत वापस नहीं बुलाया, तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे।
यह धमकी ऐसे समय आई है जब हाल ही में वेनेजुएला से जुड़े जहाजों पर हमले हुए थे। ट्रम्प ने दावा किया कि इन जहाजों का संबंध नशीली दवाओं की तस्करी से है। इस हमले में तीन लोगों की मौत हुई, जिन्हें ट्रम्प ने “नार्को टेररिस्ट” बताया।
उधर, वेनेजुएला सरकार ने अमेरिका पर कैरिबियाई देशों में “अघोषित युद्ध” छेड़ने का आरोप लगाया है। उसने संयुक्त राष्ट्र से सितंबर महीने में नावों पर हुए तीन हमलों की जांच कराने की मांग की है। इन हमलों में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है।
इस बीच, अमेरिका ने वेनेजुएला के तट से दूर अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में अपनी सैन्य तैनाती और भी मजबूत कर दी है। इसमें सात युद्धपोत, एक परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बी और एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट शामिल हैं।






