जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक आज नई दिल्ली में शुरू

नई दिल्ली में आज से वस्तु और सेवा कर (जीएसटी) परिषद की 56वीं बैठक शुरू हो गई है। इस दो दिन की बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन करेंगी। बैठक में अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में कहा था कि जीएसटी से देश को व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने जीएसटी सुधारों पर बल देते हुए संकेत दिया था कि दीपावली के अवसर पर नए सुधारों की घोषणा हो सकती है। इन सुधारों के तहत आवश्यक वस्तुओं पर करों में कटौती की जा सकती है, जिससे छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी वालों और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
बैठक के प्रमुख एजेंडे:
- आवश्यक वस्तुओं पर कर दरों में कमी
- ढांचागत सुधार
- कर प्रणाली को तर्कसंगत बनाना
- जीवन और व्यापार की सुगमता बढ़ाना
पिछले महीने हुई मंत्री समूह की बैठक में इन सुधारों पर प्रारंभिक चर्चा की गई थी। केंद्र सरकार का कहना है कि इन प्रस्तावों का उद्देश्य जीएसटी प्रणाली को सरल, स्थिर और पारदर्शी बनाना है।
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि इन सुधारों का मकसद समावेशी विकास और व्यापार सुगमता सुनिश्चित करना है। सरकार का मानना है कि इन कदमों से न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी।






