जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने की राह पर साने ताकाइची

जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने शनिवार को अपने नए अध्यक्ष के रूप में पूर्व आर्थिक सुरक्षा मंत्री साने ताकाइची को चुना। उन्होंने कड़े मुकाबले में कृषि मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी को हराया। इस जीत के साथ ताकाइची के देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनने की राह लगभग सुनिश्चित हो गई है।
संसद में अगले हफ्ते होने वाले मतदान में एलडीपी-कोमेइतो गठबंधन के बहुमत के कारण उनकी नियुक्ति तय मानी जा रही है।
पहले दौर के मतदान में ताकाइची को 183 और कोइज़ुमी को 164 वोट मिले। किसी को भी पूर्ण बहुमत नहीं मिलने पर तुरंत दूसरे दौर का रनऑफ आयोजित किया गया, जिसमें ताकाइची ने जीत दर्ज की।
एलडीपी के इस चुनाव में कुल पांच उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें दो वर्तमान मंत्री और तीन पूर्व मंत्री शामिल थे। शुरुआती दौर में प्रमुख दावेदारों में ताकाइची, कोइज़ुमी और मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हायाशी का नाम सबसे आगे माना जा रहा था।






