केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह – दो साल से कम उम्र के बच्चों को खांसी-सर्दी की दवाएँ न दें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को परामर्श जारी करते हुए कहा है कि दो साल से कम उम्र के बच्चों को खांसी और सर्दी की दवाएँ नहीं दी जानी चाहिए। मंत्रालय ने चेताया है कि पाँच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए भी इन दवाओं की अनुशंसा नहीं की जाती और अधिक उम्र के बच्चों को यह दवाएँ डॉक्टर की सलाह और निगरानी में ही दी जानी चाहिए।
मंत्रालय ने कहा कि छोटे बच्चों में होने वाली अधिकांश खांसी और सर्दी की समस्याएँ अपने आप ठीक हो जाती हैं और इसके लिए औषधीय हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं होती।
- यह सलाह हाल ही में सामने आई उन रिपोर्टों के बाद आई है, जिनमें मध्य प्रदेश में कथित तौर पर कफ सिरप के सेवन से बच्चों की मौत की बात सामने आई थी। इसके बाद राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC), राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (NIV) और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और राज्य अधिकारियों के सहयोग से कई कफ सिरप के नमूने जाँच के लिए एकत्र किए।






