किसानों के मुद्दों पर कांग्रेसी विधायकों का प्रदर्शन, गांधी प्रतिमा के सामने सरकार को घेरा

विधानसभा के शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन भी हंगामे के नाम रहा। मंगलवार को कांग्रेस विधायक नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में किसानों के मुद्दों को लेकर तख्तियां हाथ में लिए विधानसभा परिसर पहुंचे। गांधी प्रतिमा के सामने विधायकों ने प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार पर तीखे आरोप लगाए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को नज़रअंदाज़ कर रही है। विधायकों की तख्ति यों पर लिखा था— “किसानों की चिड़िया बन खेत चुग रही सरकार,” “किसान के नाम पर सत्ता टिकाई, अब उसी किसान को भावांतर में डुबाई,” और “मिट्टी में मिला सरकारी सपना, कर्ज में डूबता किसान अपना।”
सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया ने बीएलओ के पेमेंट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आदिवासी जिलों में बीएलओ को विधानसभा चुनाव के दौरान का भुगतान अब तक नहीं मिला है। आरोप लगाया कि बीएलओ से जबरन काम कराया जा रहा है और समय पर भुगतान न होने से उन्हें आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
भूरिया ने यह भी कहा कि चुनावी ड्यूटी में शिक्षकों की तैनाती से स्कूलों की पढ़ाई बाधित हो रही है, जिससे बच्चों के भविष्य पर सीधा असर पड़ रहा है।






