इंदौर संभाग में सेवा पखवाड़ा अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा अभियान पूरे इंदौर संभाग में प्रभावी रूप से चल रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक सेवा, जनजागरूकता और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।

इंदौर जिले में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत लसूडिया मोरी, निपानिया और समर पार्क स्थित संजीवनी क्लीनिक, स्कूल और मंदिरों में श्रमदान, सफाई और वृक्षारोपण कर अभियान को गति दी। सफाईकर्मियों का सम्मान भी इस अवसर पर किया गया।

बुरहानपुर जिले की ग्राम पंचायतों ईच्छापुर, देड़तलाई, सिंधखेड़ाकलां और परेठा में “स्वच्छोत्सव” मनाया गया। यहाँ ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए गाँव की गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की और स्वच्छता की शपथ ली।

बड़वानी जिले में सेवा पखवाड़े के तहत रक्तदान शिविर आयोजित हुए, जिनमें 1191 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया।

झाबुआ जिले में ग्राम पंचायत करडावद, पिटोल बड़ी और खेड़ा अंधारवड़ में श्रमदान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। लोगों ने स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश देने के लिए मानव श्रृंखला बनाई और शपथ भी ली।

खंडवा जिले में आदर्श स्नातक महाविद्यालय परिसर की सफाई की गई। विधायक श्रीमती कंचन तन्वे ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जावर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भूमिपूजन किया और पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

खरगोन जिले में नगर पालिका के सहयोग से जनजागरूकता रैली निकाली गई। इसमें स्कूली छात्रों और नगरपालिका कर्मचारियों ने प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया।

आलीराजपुर जिले में हनुमान मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर श्रमदान किया गया और रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया गया।

Share

Similar Posts