इंदौर में महिला क्रिकेट विश्वकप: ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाज़ी

इंदौर के ऐतिहासिक होलकर स्टेडियम में आज महिला क्रिकेट विश्वकप-2025 का दूसरा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया।
टीम ने 31 ओवरों में 5 विकेट खोकर 187 रन बना लिए हैं। इस समय एश्ले गार्डनर और ताहलिया मैक्ग्रा क्रीज पर जमे हुए हैं। कप्तान एलिसा हीली 19, फोएबे लिचफील्ड 45, एलिस पैरी 33, एनाबेल सदरलैंड 5 और बेथ मूनी 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
न्यूजीलैंड की ओर से एमेलिया केर और ली ताहुहु ने 2-2 विकेट झटके, जबकि ब्री इलिंग को 1 सफलता मिली।
गौरतलब है कि इस बार इंदौर को महिला विश्वकप के 5 मैचों की मेजबानी मिली है। होलकर स्टेडियम में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें अपने-अपने मुकाबले खेलेंगी।
मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रोहित पंडित ने जानकारी दी कि आईसीसी ने महिला खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला दर्शकों के लिए टिकट दरों में रियायत दी है। 







