इंदौर में कंपनी के खाते से 30 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी, पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

इंदौर में साइबर अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने payjas कंपनी के खाते से की गई ₹30,56,555/- की धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए कंपनी के पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता कुलदीप ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि कंपनी का अकाउंट हैक कर 30 लाख से अधिक की राशि अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि 
धोखाधड़ी किसी बाहरी हैकर ने नहीं, बल्कि कंपनी के ही पूर्व कर्मचारी निशांत सोनी ने की है।
निशांत ने कंपनी में काम करने के दौरान मिली तकनीकी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए कंपनी का अकाउंट हैक किया और रकम पहले अपने साथियों के खातों में तथा बाद में खुद के अकाउंट में ट्रांसफर कर ली। क्राइम ब्रांच ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सतना से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस अब उन अन्य खातों की जांच कर रही है, जिनमें रकम भेजी गई थी, और साथ ही आरोपी के सहयोगियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि साइबर अपराध तेजी से नए तरीके अपना रहे हैं और यह मामला कंपनियों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्क रहने की चेतावनी देता है। पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से पैसे के पूरे लेन-देन ट्रेल की जांच कर रही है।






