आयुक्त श्री यादव का निरीक्षण : नागरिक सुविधा पर जोर, अवैध निर्माण हटाने के निर्देश

नगर निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव ने रविवार सुबह रीजनल पार्क, जानकी नगर, अग्रवाल नगर, सपना संगीता रोड, नवलखा और अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिक सुविधाओं को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
रीजनल पार्क निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, जिस पर आयुक्त ने दरोगा मंगल चौहान को फटकार लगाई और व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। वहीं जानकी नगर स्थित उद्यान में नागरिकों के बैठने हेतु बनी पत्थर की कुर्सियों की चौड़ाई मात्र 9 इंच होने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की और चौड़ाई बढ़ाने के आदेश दिए।
आयुक्त ने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट कहा कि फ्रंट एरिया में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण न हो और बिल्डिंग मटेरियल से सड़क पर आवागमन बाधित न हो। उन्होंने भवन अधिकारियों और निरीक्षकों को इस पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अग्रवाल नगर और सपना संगीता रोड पर निर्माण के दौरान सड़क किनारे रखे चद्दर सेट और दीवारों को हटाने का आदेश भी दिया गया। आयुक्त ने उद्यानों के रखरखाव हेतु स्थानीय रहवासियों की समितियाँ बनाने और पार्कों को गोद लेने की पहल पर चर्चा भी की।






