आदि कर्मयोगी अभियान के क्रियान्वयन में इंदौर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा

इंदौर, 03 अक्टूबर 2025
आदि कर्मयोगी अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में इंदौर जिला ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री नरेंद्र भिड़े ने बताया कि यह उपलब्धि कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ श्री सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में संभव हुई।

कलेक्टर श्री वर्मा और जिला पंचायत सीईओ द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग वीसी के माध्यम से की जाती है, जहाँ तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाता है। अभियान से जुड़े आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी और आदि साथी तथा सभी विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।

2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में इंदौर जिले के 56 गांवों के विलेज एक्शन प्लान और वर्कबुक को अनुमोदित कर अपलोड करने का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया गया। इस प्रक्रिया की संभागीय मॉनिटरिंग संभागीय उपायुक्त श्री ब्रजेश पांडे द्वारा की गई।

जनजातीय कार्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चयनित ग्रामों में अब तक 1,935 आधार कार्ड, 16,687 आयुष्मान कार्ड, 2,207 पीएम किसान पंजीयन, 12,295 जनधन खाते बनाए गए हैं, साथ ही 507 वीडियो, न्यूज़ और फोटो डेटा भी अपलोड किए गए हैं।

मध्यप्रदेश के जिलेवार जारी रिपोर्ट में इंदौर जिला विलेज एक्शन प्लान इंट्री रिपोर्ट में प्रथम स्थान पर रहा है। परियोजना अधिकारी श्री मोहन सोनी ने सभी मास्टर ट्रेनर्स को आगामी चरण के क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया है।

विजन–2030 के सफल क्रियान्वयन में विधायक सुश्री उषा ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्री सरदार मालवीय और अनुविभागीय अधिकारी श्री राकेश परमार सहित सभी जनप्रतिनिधियों के योगदान की सराहना की गई है।

Share

Similar Posts