आज राष्ट्रपति 66 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार करेंगी सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के मौके पर 66 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित करेंगी। उन्होंने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दी है
सितंबर 05, नई दिल्ली:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के मौके पर 66 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित करेंगी। इनमें 45 शिक्षकों का चयन स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने किया है, जबकि 21 शिक्षकों का चयन उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से किया गया है।
जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में एक पारदर्शी और ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से इन शिक्षकों का चयन किया गया है। शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने का उद्देश्य उनके अद्वितीय योगदान को रेखांकित करना और ऐसे शिक्षकों का सम्मान करना है जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और परिश्रम से न सिर्फ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध किया है।
इससे पहले कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, “शिक्षक दिवस के अवसर पर, मैं देश के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देती हूं। यह दिन महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती का प्रतीक है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।”






