‘कांग्रेस का वही नेता परफेक्ट जो अपने नेता को जूते लगाएं’: जीतू पटवारी के निवास पर हुए विवाद पर विजयवर्गी बोले- गुटबाजी से नेतृत्व पर संकट

इंदौर। जीतू पटवारी के निवास पर कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद हो गया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और कांग्रेस सूत्रों के हवाले से चर्चाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस में बढ़ती गुटबाजी और नेतृत्व संकट का संकेत है।
इसी पर चुटकी लेते हुए कैलाश विजयवर्गी ने बयान दिया कि- यह कांग्रेस का चरित्र है। इसमें कोई खास बात नहीं है। कांग्रेस का वही नेता परफेक्ट है जो अपने नेता को जूते लगाएं।
राकेश सिंह यादव ने आरोप लगाया कि बैठक में नेताओं के बीच बहस हुई। इसके बाद बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। उन्होंने दावा किया कि मौके पर मौजूद नेताओं के बीच विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करना पड़ा। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, तो कांग्रेस नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि बैठक स्थल के सीसीटीवी फुटेज से पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आ सकती है और कांग्रेस हाईकमान को इसकी जांच करनी चाहिए।
राकेश सिंह यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मध्य प्रदेश कांग्रेस में कथित गुटबाजी और संगठनात्मक स्थिति पर जवाब देने की मांग की। उनका कहना है कि यदि संगठन के भीतर इस तरह के विवाद हो रहे हैं, तो कांग्रेस को इस पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।