अक्टूबर से शुरू होगा ‘विद्यार्थी के लिए आधार’ अभियान का दूसरा चरण

प्रदेश में 26 लाख विद्यार्थी अब तक अपने आधार में आवश्यक बायोमेट्रिक अपडेट नहीं करा पाए हैं। यह अपडेट 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर अनिवार्य है। आधार में नवीनतम बायोमेट्रिक दर्ज होने के बाद ही विद्यालय प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को सहज रूप से मिलेगा।
यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईएडीएआई) और स्कूल शिक्षा विभाग ने 18 अगस्त 2025 को ‘विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ अभियान प्रारंभ किया था। अब अक्टूबर माह से इसका दूसरा चरण शुरू होगा। इस चरण में उन विद्यालयों को प्राथमिकता दी गई है, जहाँ सबसे अधिक विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट लंबित हैं।
यूआईएडीएआई और शिक्षा विभाग ने ‘यू-डाइस+’ पोर्टल पर सुविधा विकसित की है, जिससे विद्यालय आसानी से लंबित विद्यार्थियों की पहचान कर सकेंगे। अभियान के सफल संचालन के लिए प्राचार्यों और शिक्षा अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है।





