|

युवतियों से दोस्ती कर धर्म परिवर्तन का दबाव, मीरजापुर में दो गिरफ्तार, तीन जिम सील

उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में युवतियों से दोस्ती कर उन्हें बहलाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तीन जिम सील कर दिए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली देहात में दो अलग-अलग पीड़िताओं ने तहरीर देकर शिकायत की थी कि कुछ युवक पहले उनसे दोस्ती करते हैं और बाद में उन्हें बरगलाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाते हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

मामले की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में एसओजी, कोतवाली कटरा, नगर और कोतवाली देहात की संयुक्त चार टीमों का गठन किया गया।

मंगलवार रात की गई कार्रवाई में पुलिस ने मोहम्मद शेख अली आलम, निवासी नटवां मिल्लत नगर और फैजल खान, निवासी गोसाई तालाब, थाना कोतवाली शहर को गिरफ्तार किया। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जहीर और सादाब को भी हिरासत में लिया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी जहीर केजीएन-1 जिम का मालिक है और केजीएन-2, केजीएन-3 तथा आयरन फायर जिम से भी उसका जुड़ाव रहा है। पीड़ित युवतियां पहले इन्हीं जिमों में जाया करती थीं। साक्ष्यों की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने सभी संबंधित जिम सील कर दिए हैं।

एएसपी नगर ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन विवेचना जारी है और जांच में जो भी आरोपी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share

Similar Posts