| | |

उज्जैन में प्रस्तुति देंगे भजन गायक हंसराज रघुवंशी: किशन भगत भी होंगे शामिल; प्रवेश निःशुल्क

उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रांगण स्थित शक्तिपथ पर शाम 7 बजे ‘शिवोत्सव श्रावण कला उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भजन गायक हंसराज रघुवंशी और किशन भगत शामिल होंगे।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति और मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के संयुक्त समन्वय से यह आयोजन होगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

हंसराज रघुवंशी ने वीडियो भी जारी किया है। त्रिवेणी संग्रहालय के सामने स्थित शक्तिपथ पर आयोजन किया जाएगा। आयोजन में सभी भक्तों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

शक्तिपथ पर होगा आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन उज्जैन के त्रिवेणी संग्रहालय के सामने स्थित शक्तिपथ पर किया जाएगा। इस खास आयोजन में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी लोकप्रिय शिव भक्ति रचनाओं से श्रद्धालुओं और दर्शकों को भक्ति के रंग में रंगते नजर आएंगे। वहीं किशन भगत भी अपनी मधुर और संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश निःशुल्क
महाकाल मंदिर समिति की उप प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया कि श्रावण-भादौ मास के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। भक्तों को धार्मिक आस्था के साथ भारतीय कला और संस्कृति से रूबरू कराने के उद्देश्य से यह विशेष आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर इसकी शोभा बढ़ाने की अपील की है। आयोजन में सभी भक्तों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

हंसराज रघुवंशी ने जारी किया वीडियो
गायक ने वीडियो जारी करके प्रशासन और मंदिर समिति का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र महीने में महाकाल की पावन धरा पर भजन गाना, किसी भी कलाकार के लिए इससे बड़ा सौभाग्य नहीं हो सकता। उन्होंने सभी भक्तों से कार्यक्रम में आने का आग्रह किया है।

Share