|

तालाब में नहाते समय फिसला पैर: बहन को बचाने कूदी बच्ची, दोनों की मौत; पास में खेल रहे भाई ने घर वालों को बताया

धार। धरमपुरी थाना क्षेत्र के उटावद गांव में मंगलवार को हादसा हो गया। गांव के छोटे तालाब में नहाने गई दो नाबालिग बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। 13 वर्षीय सोनाक्षी और 14 वर्षीय गायत्री गांव के तालाब में नहाने गई थीं। नहाते समय अचानक सोनाक्षी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।

उसे डूबता देख गायत्री उसे बचाने के लिए पानी में कूद गई, लेकिन वह भी संतुलन नहीं बना सकी और दोनों गहरे पानी में डूब गईं। घटना के समय पास में खेल रहा बच्चियों का छोटा भाई यह दृश्य देखकर घबरा गया। वह तुरंत गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला।

अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
ग्रामीणों ने दोनों बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो बच्चियों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
धरमपुरी थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Share