RSS प्रमुख मोहन भागवत आज से शहडोल दौरे पर, तीन दिन तक रहेंगे प्रवास में
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत बुधवार से मध्य प्रदेश के शहडोल के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। संघ प्रमुख के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बताया जा रहा है कि शहडोल में उनका यह पहला दौरा है, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जेड प्लस सुरक्षा में रहेगा पूरा दौरा
संघ प्रमुख मोहन भागवत बुधवार को ट्रेन से कटनी पहुंचेंगे, जहां से वे सड़क मार्ग के जरिए शहडोल आएंगे। उनके दौरे को देखते हुए जिले में जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
सुरक्षा में लगभग 350 अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं, जिनमें CISF, स्पेशल ब्रांच, जिला पुलिस और आसपास के जिलों से बुलाए गए सुरक्षा बल शामिल हैं।
सरस्वती स्कूल परिसर में होगा मुख्य कार्यक्रम
डॉ. भागवत का मुख्य कार्यक्रम पांडव नगर स्थित सरस्वती स्कूल परिसर में आयोजित बौद्धिक शिविर में होगा। इस शिविर में 300 से अधिक शिक्षार्थी हिस्सा लेंगे।
प्रवास के दौरान वे बौद्धिक और संगठनात्मक सत्रों में शामिल होंगे और संघ कार्यकर्ताओं से संवाद भी कर सकते हैं।
ड्रोन पर प्रतिबंध, मल्टीलेयर सिक्योरिटी सिस्टम तैयार
संघ प्रमुख के दौरे को देखते हुए पांडव नगर इलाके को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है। स्कूल परिसर में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
प्रशासन ने 500 मीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी और मल्टीलेयर सिक्योरिटी सिस्टम की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
शहडोल पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत 22 मई की रात शहडोल से रवाना होंगे। उनके आगमन को लेकर जिलेभर के स्वयंसेवकों और संघ कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।






