साइबर ठगी में यूपी कनेक्शन: महाराष्ट्र-बंगाल में ₹84.58 लाख की ठगी; दुकान संचालक समेत 3 गिरफ्तार

इंदौर। साइबर ठगी के एक मामले की जांच में इंदौर क्राइम ब्रांच को उत्तर प्रदेश कनेक्शन भी मिला है। जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में 84.58 लाख रुपए की साइबर ठगी में इस्तेमाल हुई चार सिम उत्तर प्रदेश में भी ठगी के लिए इस्तेमाल की गई थीं।
ये सिम मालवा मिल स्थित रावत कलेक्शन से एक्टिवेट हुई थीं। मामले में दुकान संचालक राजेंद्र रावत समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब सिम एक्टिवेशन और उनके इस्तेमाल से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
यूपी में कारोबारी को मुनाफे का लालच देकर ठगी
जांच में सामने आया कि इन्हीं सिम का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश में एक कारोबारी को मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी करने में भी किया गया था। इससे मामले में दूसरे राज्यों से जुड़े ठगी के मामलों की भी कड़ियां जुड़ रही हैं।

दुकान के रजिस्टर में मिलीं 67 एक्टिवेट सिम
क्राइम ब्रांच को दुकान के रजिस्टर में 67 एक्टिवेट सिम की जानकारी मिली है। पुलिस इन सभी सिम की जांच कर रही है। साथ ही सिम से जुड़े बैंक खातों और अन्य संदिग्ध लोगों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि मामले में और लोग भी शामिल हो सकते हैं। जांच पूरी होने के बाद क्राइम ब्रांच अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकती है।