राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान आम जनता के लिए 3 फरवरी से खुलेगा

राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान आम जनता के लिए 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक खुला रहेगा। नागरिक सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकेंगे। अंतिम प्रवेश शाम 5:15 बजे तक होगा। प्रत्येक सोमवार को रखरखाव के कारण उद्यान बंद रहेगा, वहीं होली के अवसर पर 4 मार्च को भी यह बंद रहेगा।
राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक बयान के अनुसार, अमृत उद्यान में प्रवेश और बुकिंग पूरी तरह निःशुल्क होगी। इच्छुक नागरिक राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बिना पूर्व बुकिंग आने वाले आगंतुकों के लिए स्वयं-सेवा पंजीकरण कियोस्क की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सभी आगंतुकों का प्रवेश और निकास गेट नंबर 35 से होगा, जो नॉर्थ एवेन्यू और राष्ट्रपति भवन के पास स्थित है। आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक शटल बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा सवेरे 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। शटल बसों की पहचान ‘Shuttle Service for Amrit Udyan’ बैनर से की जा सकेगी।
राष्ट्रपति भवन प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस अवधि के दौरान अमृत उद्यान का भ्रमण कर इसकी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक माहौल का आनंद लें।






