प्रधानमंत्री मोदी का अब तक का सबसे लंबा विदेशी दौरा, 2 से 9 जुलाई तक पांच देशों की यात्रा पर रहेंगे

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 जुलाई से 9 जुलाई 2025 तक पांच देशों – घाना, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया – की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा उनके वर्तमान कार्यकाल की सबसे लंबी विदेश यात्रा मानी जा रही है, जिसमें वे कई द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
यात्रा की शुरुआत घाना से होगी, जहां 2 और 3 जुलाई को प्रधानमंत्री घाना के राष्ट्रपति से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वह त्रिनिदाद एंड टोबैगो जाएंगे (3-4 जुलाई), जहां वह वहां के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ साझेदारी बढ़ाने पर बातचीत करेंगे।
4 से 5 जुलाई के बीच पीएम मोदी अर्जेंटीना का दौरा करेंगे और राष्ट्रपति जेवियर माइली से मिलकर कृषि, ऊर्जा, रक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार देने पर विचार करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री 5 से 8 जुलाई तक ब्राजील में रहेंगे, जहां वे रियो डी जेनेरियो में होने वाले 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में प्रधानमंत्री वैश्विक शासन प्रणाली, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य सेवाएं और एआई जैसे प्रमुख विषयों पर भारत का दृष्टिकोण साझा करेंगे।
यात्रा का समापन 9 जुलाई को नामीबिया की ऐतिहासिक पहली आधिकारिक यात्रा से होगा। वहां प्रधानमंत्री राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा से मिलेंगे और संभवतः नामीबियाई संसद को संबोधित भी करेंगे।
यह दौरा भारत की वैश्विक स्तर पर भूमिका को और सशक्त करने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को नई ऊंचाई पर पहुंचाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।






