| |

राष्ट्रपति पहुंचेंगी आज जबलपुर, 3000 से ज्यादा जवान तैनात: योग दिवस, दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शनिवार को अपने दो दिवसीय प्रवास पर मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले पहुंचेंगी। शाम 6.10 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरपोर्ट से डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी। डुमना एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शनिवार रात करीब 8 बजे जबलपुर पहुंचेंगे।

जबलपुर में 3000 से ज्यादा जवान तैनात

राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 3000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डुमना एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। राष्ट्रपति शनिवार रात सर्किट हाउस क्रमांक-1 में विश्राम करेंगी।

दीक्षांत समारोह में देंगी स्वर्ण पदक

इसके बाद राष्ट्रपति सुबह 11.30 बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। यहां वे सुबह 11.50 बजे से दोपहर 12.50 बजे तक आयोजित विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह के दौरान अलग-अलग संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। हालांकि दीक्षांत समारोह को लेकर पहले से विवाद भी चल रहा है, क्योंकि कई शोधार्थियों और स्वर्ण पदकधारियों ने मंच पर सम्मान नहीं मिलने को लेकर विरोध दर्ज कराया है।

Share

Similar Posts