प्रधानमंत्री मोदी कल से भूटान की दो दिन की यात्रा पर, 1020 मेगावाट जलविद्युत परियोजना का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल से भूटान की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा भारत और भूटान के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक संयुक्त रूप से 1020 मेगावाट की पुनात्सांगछू-II जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना दोनों देशों के सहयोग से विकसित की गई है और इससे भूटान की बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
प्रधानमंत्री मोदी भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक की 70वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भी भाग लेंगे। इसके अलावा वे भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री थिम्पू में वैश्विक शांति प्रार्थना समारोह में हिस्सा लेंगे और ताशीछोद्ज़ोंग मठ में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की पूजा-अर्चना करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने, क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने, और आपसी हितों के वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करेगी। भारत और भूटान की साझेदारी “नेबरहुड फर्स्ट” नीति के तहत दक्षिण एशिया में स्थिरता और सहयोग का मजबूत उदाहरण बनी हुई है।






