|

प्रधानमंत्री मोदी का दो दिवसीय दौरा: कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात में 9,400 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, सोमनाथ अमृत महोत्सव में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज और कल यानी 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई बड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे और हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री गुजरात में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में भी भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी रविवार सुबह बेंगलुरू पहुंचेंगे, जहां वे द आर्ट ऑफ लिविंग के 45वें वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नव-निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी सालभर चलने वाली सेवा परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचेंगे। यहां वे करीब 9,400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री सिंधु अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो कैंसर उपचार पर केंद्रित अत्याधुनिक मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी और क्वार्टनरी केयर गैर-लाभकारी अस्पताल है।

प्रधानमंत्री हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे के तहत गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 की चार लेन परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना की लागत 3,175 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री वारंगल में पीएम मित्र पार्क, जिसे काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क के नाम से भी जाना जाता है, का उद्घाटन करेंगे। इसे पीएम मित्र योजना के तहत विकसित किया गया है।

वहीं, 11 मई को प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री यहां विशेष महापूजा, कुम्भाभिषेक और ध्वजारोहण जैसे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे स्मारक डाक टिकट और विशेष सिक्का भी जारी करेंगे।

प्रधानमंत्री शाम को वडोदरा पहुंचेंगे, जहां वे सरदारधाम हॉस्टल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस हॉस्टल में 1,000 लड़कों और 1,000 लड़कियों के लिए आवासीय सुविधा विकसित की गई है। सरकार के अनुसार, सोमनाथ अमृत महोत्सव भारत की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सभ्यता के गौरव को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन होगा। सोमनाथ मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है और यह भारतीय संस्कृति का प्रमुख प्रतीक है।

Share

Similar Posts