इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री मोदी के फॉलोअर्स की संख्या 10 करोड़ के पार, ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाले पहले वैश्विक नेता

नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ (100 मिलियन) फॉलोअर्स का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही वे इस मंच पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले वैश्विक नेता और राजनेता बन गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे और तब से इस प्लेटफॉर्म पर उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही है। उनकी डिजिटल पहुंच और वैश्विक प्रभाव को देखते हुए यह उपलब्धि खास मानी जा रही है।
इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दोगुनी से भी अधिक है। ट्रंप के लगभग 4 करोड़ 32 लाख फॉलोअर्स हैं और वे दूसरे स्थान पर हैं।
भारतीय नेताओं में भी प्रधानमंत्री मोदी काफी आगे हैं। इस प्लेटफॉर्म पर दूसरे स्थान पर योगी आदित्यनाथ हैं, जिनके लगभग 1 करोड़ 60 लाख फॉलोअर्स हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह उपलब्धि दर्शाती है कि प्रधानमंत्री मोदी की सोशल मीडिया रणनीति और डिजिटल कनेक्ट न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर भी प्रभावशाली है।






