पीथमपुर हादसा: बोरवेल मशीन की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत

धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा बोरवेल मशीन से जुड़े वाहन की लापरवाही के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतक मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और बोरवेल मशीन के नीचे आराम कर रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन को रिवर्स किया, जिससे पीछे का टायर सीधे मजदूरों के ऊपर चढ़ गया और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना ग्राम गवला में सुबह करीब 4 बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है।
मृतकों की पहचान रामचरण (56), भानुप्रताप (19) और अरविंद (22) के रूप में हुई है। सभी मजदूर रातभर काम के बाद मशीन के साथ लगी सपोर्टिंग गाड़ी के नीचे सो रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरे में बिना पर्याप्त सावधानी के ट्रक को पीछे लिया गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।






