(अपडेट) पेट्रोल-डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी में कटौती, ATF पर नया टैक्स लागू

पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (Excise Duty) में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती कर दी है। इस फैसले से देश में ईंधन कीमतों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Ministry of Finance द्वारा जारी ताजा अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर अब 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं डीजल पर पहले लागू 10 रुपये प्रति लीटर का शुल्क पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है, जिससे डीजल पर एक्साइज ड्यूटी शून्य (0) हो गई है। नई दरें शुक्रवार से प्रभावी कर दी गई हैं।
सरकार का यह कदम ऐसे समय में आया है जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर भारतीय बाजार पर पड़ रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस निर्णय से परिवहन लागत में कमी आ सकती है, जिससे महंगाई पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
इसके साथ ही सरकार ने विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) के लिए नया लेवी ढांचा लागू किया है। इसके तहत एटीएफ पर 50 रुपये प्रति लीटर का विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाया गया है, हालांकि आंशिक छूट के बाद प्रभावी शुल्क करीब 29.5 रुपये प्रति लीटर रह जाता है। यह बदलाव एविएशन सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






