‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से लाल गुलाब की नई किस्म लॉन्च, सेना ने दी मंजूरी

खड़गपुर में विकसित लाल गुलाब की एक नई हाइब्रिड किस्म को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है। वीरता और अदम्य साहस के प्रतीक के रूप में रखे गए इस नाम को भारतीय सेना की मंजूरी भी मिल गई है। वेलेंटाइन वीक के दौरान इस खास गुलाब का अनावरण किया गया, जिसके बाद यह बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हो गया है।

यह विशेष गुलाब जकपुर स्थित पुष्पांजलि रोज गार्डन में विकसित किया गया है। इसके सृजनकर्ता प्रनबीर माइती पहले भी कई विशिष्ट गुलाब प्रजातियां विकसित कर चुके हैं, जिन्हें देश के महत्वपूर्ण स्थलों के नाम पर समर्पित किया गया है, जिनमें राष्ट्रपति भवन भी शामिल है।

लाल रंग और सुगंध से भरपूर इस गुलाब में 30 से 35 पंखुड़ियां होती हैं। इसकी ऊंचाई 120 से 150 सेंटीमीटर तक होती है और यह साल भर खिलने वाली प्रजाति है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता से भरपूर है तथा इसे गमले और जमीन दोनों में आसानी से लगाया जा सकता है।

शुक्रवार को भारतीय सेना पूर्वी कमान के ब्रिगेडियर सुधीर सोढ़ी सहित अन्य अधिकारियों ने गृह मंत्रालय की अनुमति के बाद फूल बाजार में इस नई किस्म का अनावरण किया।

बताया गया कि माइती ने पिछले वर्ष जम्मू-कश्मीर में ट्यूलिप गार्डन के पास एक रोज गार्डन परियोजना शुरू करने की पहल की थी, जिसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से भी बातचीत हुई थी। बाद में सेना से संपर्क के बाद इस विशेष गुलाब को मिशन के नाम समर्पित करने का प्रस्ताव सामने आया।

प्रनबीर माइती ने कहा कि देशहित में एक विशेष गुलाब तैयार कर उसे समर्पित करना उनके लिए गर्व की बात है। इस पहल से उनका परिवार और स्थानीय समुदाय भी जुड़ा हुआ है और इसे सम्मान के रूप में देख रहा है।

Share

Similar Posts