नेपाल में भारतीय केले पर प्रतिबंध का असर, कीमत 350 रुपये दर्जन तक पहुंची

नेपाल में भारतीय केले के आयात पर प्रतिबंध का असर अब बाजार में साफ दिखाई देने लगा है। कीमतों में भारी उछाल के चलते एक दर्जन केले की कीमत 350 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि कई बाजारों में केले की उपलब्धता भी घट गई है।
नेपाल की राजधानी काठमांडू में फल व्यापारियों का कहना है कि भारतीय केले की सप्लाई बंद होने के कारण बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है। इसी वजह से कीमतों में असामान्य बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
उपभोक्ताओं के मुताबिक खुदरा बाजार में केला अब आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। कई जगहों पर कीमत 350 रुपये प्रति दर्जन तक पहुंच चुकी है।
आपूर्ति की कमी का असर थोक बाजारों पर भी पड़ा है। काठमांडू के कुलेश्वर फल मंडी में कई थोक व्यापारियों ने केला न मिलने के कारण अपनी दुकानें बंद कर दी हैं।
फल व्यवसायी दिलीप राउत के अनुसार, स्थानीय उत्पादन से मांग पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो कारोबार चलाना मुश्किल हो जाएगा।
व्यापारियों ने आशंका जताई है कि यदि आयात जल्द शुरू नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं। इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों की परेशानियां भी और बढ़ेंगी।






