नयनतारा ने ‘मर्दानी 3’ के ट्रेलर की जमकर तारीफ, बोलीं– “सच में बिल्कुल आग है”

मुंबई। यशराज फिल्म्स की सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘मर्दानी’ अपनी तीसरी किस्त के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच धमाकेदार वापसी के लिए तैयार है। ‘मर्दानी 3’ के जरिए रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में नजर आएंगी। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
पहले ही आलिया भट्ट और करीना कपूर जैसे सितारे ट्रेलर की तारीफ कर चुके हैं और अब इस लिस्ट में साउथ की सुपरस्टार नयनतारा का नाम भी जुड़ गया है।
नयनतारा ने ट्रेलर को बताया ‘आग’
नयनतारा ने ‘मर्दानी 3’ के ट्रेलर पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा,
“एकमात्र रानी। रानी मुखर्जी। मर्दानी 3 का ट्रेलर… सच में बिल्कुल आग है! आपके जैसा कोई नहीं! इस फिल्म का 2 साल से बेसब्री से इंतजार है।”
नयनतारा की इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह और बढ़ गया है।
अमिताभ बच्चन ने भी दी शुभकामनाएं
नयनतारा के अलावा महानायक अमिताभ बच्चन भी ‘मर्दानी 3’ के ट्रेलर से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रेलर साझा करते हुए निर्माताओं को शुभकामनाएं दीं और लिखा,
“मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
7 साल बाद लौट रही है ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी
‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2014 में हुई थी, जिसमें रानी मुखर्जी के सशक्त पुलिस अधिकारी अवतार को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद 2019 में रिलीज हुई ‘मर्दानी 2’ में विलेन बने विशाल जेठवा के अभिनय ने भी खास छाप छोड़ी थी।
करीब 7 साल बाद ‘मर्दानी 3’ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है और यह 30 जनवरी को रिलीज होगी। ट्रेलर को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रियाओं से साफ है कि दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।






