नालंदा में शीतला अष्टमी मेले में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत की खबर

बिहार के नालंदा जिले में शीतला अष्टमी के अवसर पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मघड़ा गांव स्थित माता शीतला अष्टमी मंदिर में मंगलवार को भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत की खबर है, जबकि 6 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी तक मृतकों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में सभी महिलाएं शामिल हैं। अब तक दो मृतकों की पहचान रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) के रूप में हुई है।
यह हादसा चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी यानी शीतला अष्टमी के दिन हुआ, जो इस वर्ष का अंतिम मंगलवार भी था। इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक बढ़ी भीड़ और अव्यवस्था के कारण भगदड़ मच गई, जिससे लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और हालात नियंत्रण से बाहर हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इतने बड़े पर्व के बावजूद पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इस घटना पर दुख जताते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि मघड़ा गांव बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित है, जहां हर वर्ष शीतला अष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दिन विशेष परंपरा के तहत घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और माता को ठंडा भोजन अर्पित किया जाता है, जिससे मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ती है।





