| | |

चंबल घड़ियाल्स बने एमपीपीएल के नए सुल्तान, फाइनल में रॉयल निमाड़ ईगल्स को 31 रनों से दी पटखनी

चंबल घड़ियाल्स बने एमपीपीएल के नए सुल्तान, फाइनल में रॉयल निमाड़ ईगल्स को 31 रनों से दी पटखनी

कप्तान शुभम शर्मा और अपूर्व द्विवेदी की आतिशी पारियों के बाद मयूर-आवेश की सटीक गेंदबाजी से जीता खिताबी मुकाबला

इंदौर। होलकर स्टेडियम में खेले गए मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के हाई-स्कोरिंग और रोमांचक फाइनल मुकाबले में चंबल घड़ियाल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल निमाड़ ईगल्स को 31 रनों से हरा दिया। इस खिताबी जीत के साथ ही चंबल घड़ियाल्स ने इस सीजन की चमचमाती ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमा लिया है। चंबल द्वारा दिए गए 225 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल निमाड़ ईगल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 193 रन ही बना सकी।

इससे पहले, रॉयल निमाड़ ईगल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए आत्मघाती साबित हुआ। चंबल घड़ियाल्स के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि ओपनर हर्ष दीक्षित (32 रन) और अंकुश सिंह (12 रन) जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज अपूर्व द्विवेदी और कप्तान शुभम शर्मा ने निमाड़ के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी।

द्विवेदी ने महज 25 गेंदों में 5 छक्के और 3 चौके जड़ते हुए 51 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं, कप्तान शुभम शर्मा ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए 38 गेंदों में 61 रन (5 चौके, 3 छक्के) कूट डाले। अंत में त्रिपुरेश सिंह ने सिर्फ 24 गेंदों में नाबाद 43 रन और रोहित कुमार गुप्ता ने 7 गेंदों में 17 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट पर 224 रनों के विशाल योग तक पहुंचा दिया। निमाड़ की ओर से कुमार कार्तिकेय सबसे महंगे साबित हुए, जिन्होंने 4 ओवर में 52 रन लुटाए।

अभिषेक मावी का जुझारू अर्धशतक बेकार, मयूर-आवेश ने कसी कमर

पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल निमाड़ ईगल्स को हिमांशु मंत्री (44 रन) और कनिष्क दुबे (21 रन) ने तेज शुरुआत दिलाई और पावरप्ले में 76 रन कूट डाले। लेकिन मिडिल ओवरों में चंबल के गेंदबाजों ने मैच का पासा पलट दिया। चंबल की ओर से मयूर सिंह पटेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 5.20 की इकॉनमी से 21 रन देकर 2 बड़े विकेट झटके। आईपीएल स्टार आवेश खान (2 विकेट) और अमन भदौरिया (2 विकेट) ने भी उनका बखूबी साथ निभाया। निमाड़ की ओर से निचले क्रम में अभिषेक मावी ने 39 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों की मदद से नाबाद 73 रनों की अविश्वसनीय और जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग न मिलने के कारण वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

Share