नौतपा से पहले ही तपने लगा मध्य प्रदेश, 4 जिलों में रेड अलर्ट; 46°C पार जा सकता है पारा
नौतपा से पहले ही तपने लगा मध्य प्रदेश, आज चार जिलों में रेड अलर्ट, तापमान बढ़ने के आसार
Madhya Pradesh में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह से ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
4 जिलों में रेड अलर्ट, 46 डिग्री के पार जा सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू (हीटवेव) को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
41 जिलों में लू की चेतावनी
प्रदेश के 41 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, रीवा, सीधी, सिंगरौली और शहडोल समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
वहीं Bhopal, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, खरगोन, खंडवा, सीहोर, रायसेन, जबलपुर और बालाघाट सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
इंदौर समेत इन जिलों में लू का अलर्ट नहीं
Indore, देवास, हरदा, नर्मदापुरम, धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर जिलों में फिलहाल लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि यहां तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
25 मई से शुरू होगा नौतपा
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 मई से नौतपा की शुरुआत होगी, जिसके बाद भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सतर्क रहने की सलाह दी है।






