| | |

नौतपा से पहले तपने लगा मध्य प्रदेश, 42 जिलों में लू का अलर्ट; नौगांव सबसे गर्म

मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। प्रदेश के ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग समेत कई क्षेत्रों में हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में तीव्र लू (Severe Heatwave) को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया है। वहीं ग्वालियर सहित 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।

नौगांव रहा सबसे गर्म, पारा पहुंचा 46.8 डिग्री

बीते शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। छतरपुर जिले का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 46.4 डिग्री, टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री, नरसिंहपुर और दमोह में 44.2 डिग्री, जबकि सागर और राजगढ़ में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म

प्रदेश के प्रमुख शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा शामिल हैं।

वहीं यलो अलर्ट भोपाल, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर में जारी किया गया है।

31 मई तक जारी रह सकती है भीषण गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। अगले चार दिनों तक लोगों को लू और तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है, जिसके दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे मध्य प्रदेश में तापमान और बढ़ने की आशंका जताई गई है।

Share

Similar Posts