MP में जहरीली शराब से 11 की मौत: सागर में शनिवार रात तबीयत बिगड़ी; मरने वालों में 4 गांवों के लोग, 35 का इलाज जारी

सागर। जहरीली और अवैध शराब पीने से 4 अलग-अलग गांवों के 11 लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह सभी को बंडा सिविल अस्पताल लाया गया।
डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का प्राथमिक कारण जहरीली शराब पीना ही बताया जा रहा है। 35 लोगों को इलाज चल रहा है।
लक्षण दिखने पर तुरंत स्क्रीनिंग कराएं
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब पी है या जहरीली शराब के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो तुरंत स्क्रीनिंग कराएं। उन्होंने कहा कि लोग स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क कर सकते हैं या सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच करा सकते हैं।
कलेक्टर बोलीं- जहरीली शराब पीकर बीमार पड़े
कलेक्टर ने बताया कि चिकित्सा दल सभी मामलों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। स्थिति के अनुसार जरूरी मेडिकल और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों में चार गांवों के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और शराब के सेवन से हुई मौतों के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इन लोगों की हुई मौत
जहरीली शराब से पीने से गोलू उर्फ चमन लोधी (45), पिता साहब सिंह, ग्राम गूगरा खुर्द, दिग्विजय (28), पिता देवेंद्र लोधी, ग्राम नौराज, करतार सिंह (30), पिता जोधन लोधी, ग्राम नौराज, उजयार सिंह (56), पिता विजय सिंह लोधी, ग्राम गूगरा खुर्द, रोशन लोधी, पिता जगन्नाथ (30), ग्राम पाटन, थाना विनायका, राजेंद्र (32), पिता मूरत लोधी, ग्राम नौराज, गूगरा, हरनाम (42), पिता घनश्याम राय, ग्राम चौका, उत्तम नत्थू नायक (42), ग्राम दलपतपुर, सुमेर सिंह दांगी (47), पिता पूरन ग्राम बमूरा, राजकुमार लोधी (47), पिता नन्नई लोधी, ग्राम बमूरा, सुरेंद्र अहिरवार (35), पिता शुखलाल, ग्राम लिधौरा की मौत हो गई।
मरीजों के शरीर नीले पड़ गए
डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल लाए गए मरीजों के शरीर नीले पड़ गए थे और उन्हें अकड़न महसूस हो रही थी। घटना के बाद प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग की जा रही है। शराब पीने वाले लोगों को चेकअप के लिए अस्पताल लाया जा रहा है।
6 शराब दुकानों को सील करने के निर्देश
मौतों के बाद प्रशासन एक्शन में है। क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए कहा गया है।
मृतकों के शरीर में मिथाइल मिला
सूत्रों ने बताया की शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतकों के शरीर में मिथाइल पाया गया है। मिथाइल आमतौर पर अवैध और जहरीली शराब में मिलाया जाता है। इसी आधार पर अधिकारियों ने जहरीली शराब से मौत की पुष्टि की। पुलिस को आशंका है कि यह शराब गांव में अवैध तरीके से बनी थी।
मुनाफे के लिए होगा है मेथेनॉल का इस्तेमाल
मिथाइल को मेथेनॉल भी कहते हैं और यह असली शराब से सस्ता पड़ता है। कई बार अवैध शराब बनाने वाले मुनाफे के लिए इसे मिला देते हैं। यह रसायन शरीर में जाते ही आंखों और नसों पर सीधा असर डालता है। कई बार इससे व्यक्ति की आंखों की रोशनी भी चली जाती है। ज्यादा मात्रा में शरीर में जाने पर मौत तक हो सकती है। यही वजह है कि डॉक्टर इसे बेहद जानलेवा रसायन मानते हैं।
शराब कहां से आई और किसने बनाई
प्रशासन इलाके में अवैध शराब पर लगातार नजर रख रहा है। पुलिस टीमें गांवों में जाकर लोगों से पूछताछ कर रही हैं। शराब कहां से आई और किसने बनाई, इसका भी पता लगाया जा रहा है। जांच में शामिल पाए जाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।