|

MPL में अब महिला क्रिकेट पर फोकस, अगले साल बढ़ेंगी 2-3 नई टीमें : महाआर्यमन सिंधिया

इंदौर। मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (MPL) लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। इस बीच एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने ‘प्रदेश प्रकाश’ से विशेष बातचीत में MPL के भविष्य को लेकर कई बड़े खुलासे किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब लीग का मुख्य फोकस महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने पर रहेगा और अगले सीजन में 2 से 3 नई महिला टीमों को शामिल करने की योजना है।

महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि आज MPL देश की सबसे बड़ी प्रादेशिक क्रिकेट लीग बन चुकी है। करीब 300 खिलाड़ी 15 टीमों में बंटकर 26 दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों का उत्साह भी लीग की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

MPL को देश की मिसाल बनाना लक्ष्य

सिंधिया ने कहा कि MPCA का विजन केवल टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि MPL को देश की अन्य टी-20 लीगों के लिए एक उदाहरण बनाना है। इसी सोच के तहत इस बार लीग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि हर साल कुछ नया और इनोवेटिव जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।

महिला क्रिकेट को मिलेगा बड़ा मंच

पुरुष और महिला टीमों के विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर महाआर्यमन ने साफ किया कि पुरुष वर्ग में टीमों की संख्या अब नहीं बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य की प्राथमिकता महिला क्रिकेट है।

उन्होंने कहा, “हम महिलाओं की टीमों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं। अगले साल 2 से 3 नई महिला टीमें जोड़ने की योजना है, ताकि प्रदेश की महिला क्रिकेटरों को और अधिक अवसर मिल सकें।”

इंदौर और ग्वालियर में बारी-बारी से होगा आयोजन

अगले सीजन के आयोजन स्थल को लेकर महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि उनकी इच्छा है कि MPL का आयोजन एक वर्ष इंदौर और एक वर्ष ग्वालियर में किया जाए। हालांकि यह ग्वालियर के नए स्टेडियम की तैयारियों पर निर्भर करेगा।

उन्होंने कहा कि यदि ग्वालियर का स्टेडियम समय पर तैयार नहीं हो पाया तो अगले साल भी MPL का आयोजन इंदौर में ही किया जाएगा।

क्रिकेट प्रेमियों से की स्टेडियम पहुंचने की अपील

प्रदेश प्रकाश के माध्यम से मध्य प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को संदेश देते हुए महाआर्यमन सिंधिया ने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर स्थानीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।

उन्होंने कहा, “मैदान पर शानदार मुकाबले हो रहे हैं, मौसम भी बेहतरीन है और क्रिकेट का शानदार माहौल बना हुआ है। अपने खिलाड़ियों को समर्थन देने जरूर आइए।”

MPL के भविष्य को लेकर महाआर्यमन सिंधिया के इन संकेतों से साफ है कि आने वाले वर्षों में लीग केवल पुरुष क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि महिला क्रिकेट को भी एक बड़ा और सशक्त मंच प्रदान करेगी।

Share

Similar Posts