मध्य प्रदेश लीग 2026 का आगाज 3 जून से, इंदौर में होंगे रोमांचक मुकाबले; होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा ओपनिंग मैच

क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश लीग (MPL) 2026 का आगाज 3 जून से इंदौर में होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट को और बड़ा बनाया गया है, जिसमें पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की 5 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के मुकाबले इंदौर के विभिन्न मैदानों पर खेले जाएंगे।
होलकर स्टेडियम में होगा उद्घाटन मुकाबला
पुरुष वर्ग के टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 3 जून को शाम 7:30 बजे होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां ग्वालियर चीता्स और उज्जैन फाल्कन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं महिला वर्ग की प्रतियोगिता 4 जून से शुरू होगी। पहला मुकाबला चंबल घड़ियाल्स और ग्वालियर शेरनिस के बीच सुबह 10 बजे डेली कॉलेज, इंदौर में खेला जाएगा।
इस बार ज्यादा टीमें और ज्यादा मुकाबले
पूर्व एमपीएल चेयरमैन महानार्यमन सिंधिया ने टूर्नामेंट शेड्यूल जारी करते हुए कहा कि इस बार अधिक टीमें और विस्तारित महिला प्रतियोगिता MPL 2026 को पहले से ज्यादा प्रतिस्पर्धी और रोमांचक बनाएगी।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश लीग लगातार उभरते क्रिकेटरों को मंच प्रदान कर रही है और इस सीजन में दर्शकों को हाई लेवल क्रिकेट देखने को मिलेगा।
महिला वर्ग का फाइनल 13 जून, पुरुष वर्ग का 26 जून को
महिला वर्ग में अंक तालिका में शीर्ष टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। एलिमिनेटर मुकाबला 12 जून को खेला जाएगा, जबकि महिला फाइनल 13 जून को होलकर स्टेडियम में होगा।
वहीं पुरुष वर्ग का लीग चरण 24 जून तक चलेगा। दोनों सेमीफाइनल 25 जून को खेले जाएंगे और MPL 2026 का फाइनल मुकाबला 26 जून को शाम 7:30 बजे होलकर स्टेडियम, इंदौर में आयोजित होगा।
नई टीमों की हुई एंट्री
इस बार पुरुष वर्ग में मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स नई टीमों के रूप में शामिल हुई हैं। इनके अलावा भोपाल लेपर्ड्स, बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल्स, ग्वालियर चीता्स, इंदौर पिंक पैंथर्स, जबलपुर रॉयल लायंस और रीवा जैगुआर्स भी हिस्सा लेंगी।
महिला वर्ग में ग्वालियर शेरनिस और रॉयल निमाड़ ईगल्स नई फ्रेंचाइजी के तौर पर शामिल हुई हैं। इनके साथ भोपाल वुल्व्स, बुंदेलखंड बुल्स और चंबल घड़ियाल्स भी खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।






