नौतपा की शुरुआत के साथ बढ़ा गर्मी का कहर, मप्र के 44 जिलों में हीटवेव अलर्ट, 5 जिलों में रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश में आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है और इसके साथ ही भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 मई से 28 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव (लू) का असर बना रहेगा, जबकि नौतपा का प्रभाव 2 जून तक देखने को मिल सकता है। सोमवार को प्रदेश के 44 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है, वहीं 5 जिलों में तीव्र हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, नौतपा के शुरुआती दिनों में भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन समेत कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
प्रदेश में खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म स्थान रहे, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 45 डिग्री, टीकमगढ़ और शाजापुर में 44 डिग्री, जबकि दमोह, सागर और सतना में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों में ग्वालियर 44.1 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं भोपाल में 42.7 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और इंदौर में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
इन जिलों में रेड अलर्ट जारी
सोमवार को निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
भिंड, दतिया, आगर-मालवा, राजगढ़, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, कटनी, उमरिया, शहडोल, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
भोपाल, ग्वालियर, डिंडौरी, अनूपपुर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर और मुरैना में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।






