लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 का प्रतियोगिता कार्यक्रम जारी, पहली बार क्रिकेट भी शामिल

लॉस एंजिल्स ओलंपिक–2028 की आयोजन समिति ने खेलों का आधिकारिक प्रतियोगिता कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसमें लॉस एंजिल्स क्षेत्र और ओक्लाहोमा सिटी के विभिन्न स्थानों पर होने वाली सभी पदक स्पर्धाओं की तारीख और स्थल का विस्तृत विवरण शामिल है। आगामी ओलंपिक को अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बताया जा रहा है, जिसमें कुल 36 खेल और 51 विधाएँ शामिल होंगी।
आयोजन समिति के अनुसार, लॉस एंजिल्स और ओक्लाहोमा सिटी के 18 क्षेत्रों के 49 स्थलों पर इन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह 14 जुलाई 2028 को और समापन समारोह 30 जुलाई 2028 को होगा। इस बार ओलंपिक कार्यक्रम में कई रोमांचक खेल जोड़े गए हैं, जिनमें क्रिकेट की वापसी सबसे खास है।
क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल किए जाने के बाद अब दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। महिला क्रिकेट फाइनल 20 जुलाई को और पुरुष क्रिकेट फाइनल 29 जुलाई को खेला जाएगा। इसके अलावा एथलेटिक्स, स्विमिंग, जिम्नास्टिक, फुटबॉल और टेनिस जैसी लोकप्रिय स्पर्धाएं भी पहले की तरह प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए टिकट पंजीकरण अगले वर्ष जनवरी से शुरू होगा। आयोजन समिति ने कहा है कि यह ओलंपिक न केवल खेलों का उत्सव होगा, बल्कि स्थायी और तकनीकी रूप से उन्नत आयोजन का भी उदाहरण बनेगा।






