कोलकाता में पीएम मोदी की रैली से पहले भाजपा-तृणमूल कार्यकर्ताओं में झड़प, पथराव में कई घायल

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा से पहले भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। उत्तर कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में हुई इस घटना में पथराव और मारपीट के कारण कई लोग घायल हो गए।
भाजपा कार्यकर्ताओं की बस पर हमले का आरोप
भाजपा का आरोप है कि ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री की रैली में जा रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की बस को घेरकर हमला किया गया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें उत्तर कोलकाता के भाजपा जिला अध्यक्ष तमोघ्न घोष समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तृणमूल का पलटवार
दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही पश्चिम बंगाल सरकार की कैबिनेट मंत्री शशि पांजा के घर पर पथराव किया।
मंत्री शशि पांजा के अनुसार उनके घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की बसों में ईंट, कांच की बोतलें और विस्फोटक सामग्री भी रखी गई थी और बाहरी लोगों को लाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई।
पोस्टर फाड़ने से बढ़ा विवाद
तृणमूल के अनुसार गिरीश पार्क स्थित मंत्री के घर के पास “भाजपा बहिष्कार” के पोस्टर लगे थे। आरोप है कि वहां से गुजरते समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस से उतरकर पोस्टर फाड़ दिए।
इसके बाद जब तृणमूल कार्यकर्ता दोबारा पोस्टर लगाने पहुंचे तो विवाद बढ़कर झड़प और पथराव में बदल गया।
पुलिस अधिकारी भी घायल
घटना में बउबाजार थाना प्रभारी बप्पादित्य नस्कर सहित कई लोगों के घायल होने की खबर है। भाजपा ने आरोप लगाया कि झड़प के दौरान पुलिस निष्क्रिय रही, जबकि तृणमूल ने भाजपा पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।






