आईपीएल 2026 से पहले केकेआर ने लॉन्च की नई जर्सी, ‘लाइंस ऑफ लेगेसी’ थीम में दिखेगा इतिहास

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले अपनी नई टीम जर्सी लॉन्च कर दी है। तीन बार की चैंपियन टीम की यह जर्सी “लाइंस ऑफ लेगेसी” थीम पर आधारित है, जिसमें फ्रेंचाइजी के इतिहास के कई यादगार पलों को अनोखे अंदाज में दर्शाया गया है।
नई जर्सी को टीम के पारंपरिक बैंगनी और सुनहरे रंग में डिजाइन किया गया है, जो केकेआर की पहचान का अहम हिस्सा रहा है।
जर्सी में दिखेगा टीम का गौरवशाली इतिहास
नई जर्सी के डिजाइन में टीम के इतिहास के कई महत्वपूर्ण पलों को रेखाओं (Lines) के रूप में दर्शाया गया है। इन रेखाओं में टीम की कुछ ऐतिहासिक उपलब्धियों की झलक देखने को मिलती है।
इनमें ब्रेंडन मैकुलम की 2008 में खेली गई 158 रन की ऐतिहासिक पारी और रिंकू सिंह द्वारा अंतिम ओवर में लगाए गए लगातार पांच छक्के जैसे यादगार पल शामिल हैं।
इन सभी पलों को जोड़कर अमूर्त कला शैली में “KKR” अक्षरों का निर्माण किया गया है।
टीम की विरासत को दर्शाती है जर्सी
जर्सी लॉन्च के मौके पर नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने कहा कि “लाइंस ऑफ लेगेसी केकेआर की शानदार यात्रा और उसकी विरासत को दर्शाने का प्रयास है।”
उन्होंने बताया कि जर्सी में बनी हर रेखा टीम के किसी खास और गौरवपूर्ण पल का प्रतीक है, जिसने मिलकर केकेआर की पहचान बनाई है।
सोशल मीडिया पर चला खास अभियान
नई जर्सी को पेश करने के लिए सोशल मीडिया पर “क्या लाइन है?” नाम से एक विशेष रचनात्मक अभियान भी चलाया गया।
इस अभियान के समापन पर जारी वीडियो में अभिनेता रजत बेदी, कॉमेडियन अनिर्बान दासगुप्ता और कोलकाता के कई लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स नजर आए।
प्रशंसकों को जोड़ने की कोशिश
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य विपणन अधिकारी बिंदा डे के अनुसार इस अभियान के जरिए टीम की विरासत और यादगार पलों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है, ताकि प्रशंसक भी इस कहानी का हिस्सा बन सकें।
केकेआर प्रबंधन को उम्मीद है कि आईपीएल 2026 के आगामी सत्र में टीम अपनी इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए नए यादगार पल जोड़ेगी।






