काठमांडू एयरपोर्ट पर फिर शुरू हुआ उड़ानों का परिचालन, टर्किश विमान हटने के बाद सामान्य हुई व्यवस्था

नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टर्किश एयरलाइंस के विमान में आग लगने की घटना के बाद बाधित हुआ उड़ानों का परिचालन अब फिर से शुरू हो गया है। रनवे से विमान हटाने के बाद करीब दो घंटे बंद रहने वाला एयरपोर्ट सुबह 9 बजे से दोबारा संचालित होने लगा।
विमानस्थल कार्यालय के अधिकारी छवि ठकुल्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि डायवर्ट किए गए विमानों की अब दोबारा लैंडिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सुबह लैंडिंग के दौरान टर्किश एयरलाइंस के विमान में आग लगने से रनवे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था, जिसके कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं।
एयरपोर्ट बंद रहने के दौरान वाराणसी से आ रहे बुद्धा एयर के विमान को सिमरा एयरपोर्ट, श्री एयरलाइंस को विराटनगर, एयर इंडिया की उड़ान को दिल्ली और फ्लाई दुबई की फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।
खबर लिखे जाने तक दिल्ली से एयर इंडिया, शारजाह से एयर अरेबिया, दोहा से कतर एयरवेज, दुबई से फ्लाई दुबई और मलेशिया से नेपाल एयरलाइंस के विमानों की सुरक्षित लैंडिंग हो चुकी थी। वहीं हांगकांग से आ रही हिमालय एयरलाइंस की फ्लाइट लैंडिंग की तैयारी में थी।
इसके अलावा, रनवे बंद होने के कारण प्रभावित हुई एयर इंडिया (दिल्ली), हिमालय एयरलाइंस (ल्हासा), जज़ीरा एयर (कुवैत), एयर अरेबिया (शारजाह) और बुद्ध एयर (वाराणसी) की उड़ानों को अब उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई है।
हालांकि, जिस टर्किश एयरलाइंस विमान में आग लगी थी, उसकी काठमांडू-इस्तांबुल उड़ान रद्द कर दी गई है। इस घटना का असर घरेलू उड़ानों पर भी पड़ा, जिससे कई सेवाएं देरी से संचालित हुईं।






