| | |

प्रशांत नील की फिल्म में जूनियर एनटीआर का दमदार लुक जारी, 2027 में होगी रिलीज

अभिनेता जूनियर एनटीआर एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। फिल्म ‘देवरा’ के बाद अब वह निर्देशक प्रशांत नील के साथ अपनी अगली बहुप्रतीक्षित फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। निर्माताओं ने हाल ही में इस फिल्म का पहला पोस्टर जारी किया है, जिसमें एनटीआर का एक बेहद दमदार और इंटेंस लुक सामने आया है।

पोस्टर में जूनियर एनटीआर लंबे बालों और घनी दाढ़ी के साथ काले कुर्ते और जैकेट में गंभीर अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके इस लुक से फिल्म में उनके किरदार की गहराई और तीव्रता का संकेत मिलता है। पोस्टर के साथ लिखा गया है, “जब तूफान को अपना मकसद मिल जाता है…”, जिसने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है।

मेकर्स ने यह भी घोषणा की है कि फिल्म की पहली झलक 20 मई 2026 को जारी की जाएगी, जबकि यह फिल्म 11 जून 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बड़े ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने पोस्टर को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है।

फिल्म का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले किया जा रहा है। चर्चा है कि इस प्रोजेक्ट में बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर खलनायक की भूमिका निभा सकते हैं, जबकि शाहिद कपूर के भी फिल्म से जुड़ने की अटकलें हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

प्रशांत नील और जूनियर एनटीआर की यह पहली साथ में फिल्म है, जिसे लेकर पहले से ही काफी बज बना हुआ है। माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट आने वाले वर्षों की सबसे बड़ी पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल हो सकता है और भारतीय सिनेमा में एक नया अध्याय जोड़ सकता है।

Share

Similar Posts