झाबुआ मिल्क प्लांट से 33 किलो पनीर जब्त: खाद्य विभाग ने भोपाल भेजे सैंपल; कई दूध केंद्रों पर केस दर्ज

झाबुआ। मेघनगर के अगराल स्थित बालाजी मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। साफ-सफाई और सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं मिला तो किया पनीर जब्त।
जांच के बाद टीम ने 33.400 किलो पनीर जब्त किया। इसकी कीमत करीब ₹9,686 बताई गई है। पनीर का सैंपल जांच के लिए भोपाल लैब भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने 14 अगस्त 2026 को प्लांट का निरीक्षण किया था।
जांच के दौरान पनीर निर्माण किया जा रहा था। टीम को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन नहीं मिला। पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह और अपमिश्रण की आशंका के चलते मौके से पनीर का सैंपल लिया गया। जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।

जारी होगा सुधार सूचना पत्र
निरीक्षण के दौरान नियमों का पालन नहीं मिलने पर प्लांट संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। इसमें निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के अनुसार आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जब्त किए गए पनीर की कुल कीमत ₹9,686 बताई गई है। पनीर करीब ₹290 प्रति किलो की दर से बेचा जाता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थान्दला के मिल्क कलेक्शन सेंटर पर भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने इसी अभियान के तहत थान्दला के पेटलावद रोड स्थित मिल्क कलेक्शन सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां से मिश्रित दूध का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
मिल्क कलेक्शन सेंटर निर्धारित लाइसेंस शर्तों के अनुसार संचालित नहीं पाया गया। नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित सेंटर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
दूध की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में दूध, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों से जुड़ी इकाइयों की जांच आगे भी जारी रखने की बात कही है।