झाबुआ में हनुमानजी की मूर्ति को पत्थर से तोड़ा: विरोध करने पर महिला को दी जान से मारने की धमकी; 5 आरोपियों पर केस

झाबुआ। अमलवानी गांव में हनुमानजी की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। आरोप है कि वन विभाग की जमीन पर स्थापित प्रतिमा को गांव के कुछ लोगों ने पत्थरों से तोड़ दिया। विरोध करने पर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रतिमा तोड़ने के आरोप, गांव में बढ़ा आक्रोश
पुलिस को दी रिपोर्ट में अमरीबाई भाभर ने बताया कि घटना के समय उनके पति और बेटा बीमार बहू को अस्पताल लेकर गए थे, जबकि वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और पत्थरों से हनुमानजी की मूर्ति को तोड़ दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
विरोध करने पर धमकाने का आरोप
रायपुरिया थाना पुलिस ने मंगलवार देर रात पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।